छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के घुवारा नगर से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी अस्पताल की एम्बुलेंस मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और आपातकालीन सेवा देने के बजाय शराब ठेके के बाहर करीब दो से ढाई घंटे तक खड़ी रही। इस दौरान अस्पताल में जरूरतमंद मरीज एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब स्थानीय जागरूक ग्रामीणों ने एम्बुलेंस चालक से वाहन शराब ठेके के बाहर खड़ा करने का कारण पूछा तो उसने खाना खाने की बात कहकर मामला टालने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि एम्बुलेंस का इस तरह लापरवाही से उपयोग किया जाना कोई नई बात नहीं है और यह स्थिति अक्सर देखने को मिलती है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस एम्बुलेंस का उपयोग मरीजों की जान बचाने के लिए होना चाहिए, उसका इस तरह इस्तेमाल होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
अब लोगों की निगाहें प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं। देखना होगा कि मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है और भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।




