सतना, अंबिका केशरी। ग्राम पंचायत माधवगढ़ की पात्र महिलाओं ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि व्यवस्थागत कमियों और आवेदन प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के कारण कई पात्र महिलाएं योजना के लाभ से वंचित हैं।


महिलाओं के अनुसार, ग्राम पंचायत माधवगढ़ में वर्तमान में 200 से अधिक ऐसी महिलाएं हैं, जो योजना के लिए पात्र हैं। उनका कहना है कि नियमानुसार 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद योजना का लाभ बंद होने की व्यवस्था समझ में आती है, लेकिन 60 वर्ष से कम आयु की पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने और उन्हें लाभ दिलाने के लिए उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।


ज्ञापन में महिलाओं ने कहा कि पोर्टल और आवेदन प्रक्रिया सुचारू नहीं होने के कारण गरीब एवं पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे पात्र हितग्राहियों में नाराजगी है और वे इसे अपने साथ अन्याय बता रही हैं।


महिलाओं ने मांग की है कि उनका ज्ञापन तत्काल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन को भेजा जाए। साथ ही नियमानुसार पात्र सभी महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना की प्रक्रिया को सुचारू रूप से शुरू कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए। महिलाओं ने शासन-प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पात्र हितग्राहियों की समस्या का समाधान करने की मांग की है।