सतना, अंबिका केशरी। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत कैरेज एंड वैगन वर्कशॉप, सतना में कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न और पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहरा गया है। वेस्ट सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन ने असिस्टेंट डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (ADME) अशोक चौरसिया पर कर्मचारियों के मानसिक उत्पीड़न, अनुचित प्रशासनिक कार्रवाई और संगठन के आधार पर भेदभाव करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को वर्कशॉप परिसर में आयोजित गेट मीटिंग में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर विरोध दर्ज कराया।
यूनियन ने मंडल रेल प्रबंधक को क्षेत्रीय प्रबंधक, सतना के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि ADME अशोक चौरसिया पहले इसी कार्यशाला में सीनियर सेक्शन इंजीनियर और एक अन्य कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी रह चुके हैं। वर्तमान पद पर रहते हुए वे निष्पक्षता से कार्य नहीं कर रहे हैं तथा वेस्ट सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन से जुड़े कर्मचारियों और पदाधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कर्मचारियों पर दूसरे कर्मचारी संगठन की सदस्यता लेने का दबाव बनाया जा रहा है। यूनियन का दावा है कि ऐसा करने पर चार्जशीट समाप्त करने और कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि बिना पर्याप्त कारण चार्जशीट जारी करना, सेवा अभिलेख खराब करना और मानसिक दबाव बनाना प्रशासनिक कार्यशैली का हिस्सा बन गया है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।
गेट मीटिंग के दौरान कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी 13 अन्य मांगें भी उठाईं। यूनियन ने मंडल रेल प्रबंधक से पूरे मामले की स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा तथा कार्यस्थल पर स्वस्थ एवं सौहार्दपूर्ण औद्योगिक वातावरण सुनिश्चित हो सकेगा।




