छतरपुर, विनोद मिश्रा। अपनी मर्जी से प्रेम विवाह करने वाली नौगांव क्षेत्र की 22 वर्षीय पूजा कुशवाहा ने 19 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। नवविवाहिता ने नाराज मायके वालों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए झूठे मामलों में फंसाए जाने की आशंका जताई है।

पुलिस को दिए आवेदन में पूजा कुशवाहा ने बताया कि वह बालिग हैं और उन्होंने स्वेच्छा से छतरपुर जिले के नौगांव निवासी 24 वर्षीय सुरेश कुशवाहा के साथ मंदिर में विवाह किया है। उनका आरोप है कि इस विवाह से नाराज मायके पक्ष के लोग उन्हें और ससुराल पक्ष को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

युवती ने अपहरण या चोरी के झूठे केस में फंसाए जाने की आशंका जताते हुए स्पष्ट किया कि वह घर से केवल पहने हुए कपड़ों में निकली थीं और अपने साथ कोई सामान या जेवर नहीं लाई हैं। नवविवाहिता ने मायके पक्ष की कथित झूठी शिकायतों पर कार्रवाई न करने, उन्हें परेशान किए जाने से रोकने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।