इफ्तार के बाद दो पक्षों में जमकर बवाल; मस्जिद के बाहर भारी हंगामा, 5 जख्मी

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जिले के परासिया नगर में इफ्तार और शाम की नमाज के बाद उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मुस्लिम समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस झड़प में करीब पांच युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार परासिया नगर की मदीना मस्जिद में नमाज के दौरान इफ्तार को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में मामला शांत हो गया था, लेकिन इफ्तार के बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मस्जिद के बाहर इकट्ठा हो गए और विवाद फिर से भड़क उठा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
