भोपाल, सुबोध त्रिपाठी। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा में फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के तीन अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय (वल्लभ भवन, भोपाल) द्वारा 19 जुलाई 2026 को जारी इस आदेश के तहत दो जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) बदले गए हैं, जबकि एक अधिकारी को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। गृह विभाग की सचिव शिल्पा गुप्ता के हस्ताक्षर से जारी सूची के अनुसार, अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना पर तैनात किया गया है।
इस आदेश के तहत भारतीय पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसमें वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री मनोहर सिंह मण्डलोई, जो अब तक जिला टीकमगढ़ में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर कार्यरत थे, उन्हें स्थानांतरित कर पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है। वहीं, जिला श्योपुर के पुलिस अधीक्षक और वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री सुधीर कुमार अग्रवाल का तबादला करते हुए उन्हें टीकमगढ़ जिले का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, रीवा में विशेष सशस्त्र बल (वि.स.बल) की 9वीं वाहिनी में सेनानी के पद पर तैनात वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री मोती उर रहमान को अब जिला श्योपुर का नया पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है।





