नई दिल्ली। त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित अभद्र भाषा और नस्लीय टिप्पणी करने के मामले में यूट्यूबर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 23 अक्टूबर को अदालत में पेशी के बाद उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस इस मामले की जांच के लिए आरोपी को अहमदाबाद भी ले जा सकती है।

इस बीच, घटना के पीड़ित युवक ने पूरे मामले को लेकर अपनी बात रखी है। उसने स्पष्ट किया कि वह आमिर शौकीन को पहले से नहीं जानता था। पीड़ित ने बताया कि आमिर के एक दोस्त से उसकी पहचान थी, लेकिन उसने आमिर को पहले कभी नहीं देखा था।

आईएएनएस से बातचीत में पीड़ित युवक ने बताया कि वह दोबारा पूरी घटना के बारे में इसलिए बता रहा है, क्योंकि कई लोग उससे लगातार सवाल पूछ रहे हैं। उसने कहा कि घटना के समय आरोपी पक्ष के लोग संभवत: नशे में थे। अनजान लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार करना गलत है। वहां मौजूद लोगों की संख्या अधिक थी, इसलिए वह उस समय ज्यादा कुछ नहीं बोल पाया। उनके व्यवहार से उसे काफी बुरा लगा।

इस मामले को लेकर टिपरा मोथा पार्टी के संस्थापक प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देबबर्मा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र या राज्य के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाकर वीडियो बनाना और उससे पैसे कमाना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। यदि कोई व्यक्ति दूसरों का मजाक उड़ाकर, उनके रंग-रूप या पहचान पर टिप्पणी करके लोकप्रियता और कमाई हासिल करना चाहता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों को सजा मिलने के साथ उनके चैनलों पर भी प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे।

उन्होंने कहा कि केवल गलती स्वीकार कर लेने से किसी की भावनाओं को पहुंचाई गई ठेस कम नहीं हो जाती। किसी राज्य और वहां के लोगों को मजाक का विषय बनाना गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित युवक आमिर शौकीन को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में त्रिपुरा में भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। वह चाहते हैं कि वहां भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि आमिर शौकीन को त्रिपुरा और पूर्वोत्तर भारत आकर वहां के इतिहास और संस्कृति को समझना चाहिए। भारत एक विशाल देश है और हर राज्य की अपनी अलग पहचान, संस्कृति और कहानी है। कोई भी राज्य बड़ा या छोटा नहीं है, सभी समान हैं, और हर व्यक्ति को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए।

इसी बीच, इस घटना को लेकर त्रिपुरा स्टूडेंट फोरम के कुछ सदस्य दिल्ली में त्रिपुरा की सांसद कृति सिंह देबबर्मा के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने सांसद के भाई और टिपरा मोथा पार्टी के संस्थापक प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देबबर्मा से मुलाकात की। इस दौरान मामले को लेकर चर्चा हुई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।

फिलहाल, दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजे जाने के बाद अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की नजरें टिकी हैं।