छतरपुर/बड़ामलहरा, संतोष शिवहरे। थाना क्षेत्र के ग्राम टौरिया से एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के ससुर प्यारेलाल लोधी ने एक युवक पर बहू को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि थाने में शिकायत करने के बावजूद अब तक महिला का पता नहीं चल सका है।
शिकायत के मुताबिक प्यारेलाल के बड़े बेटे अरविंद लोधी का विवाह करीब पांच वर्ष पहले चांदनी लोधी से हुआ था। दोनों का दो वर्षीय बेटा प्रवीण है। अरविंद मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता है, जबकि चांदनी अपने सास-ससुर और बेटे के साथ गांव में रहती थी।
प्यारेलाल ने बताया कि 9-10 जुलाई 2026 की दरमियानी रात करीब 3 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो चांदनी का कमरा खुला मिला और वह घर पर नहीं थी। कमरे में उसका दो वर्षीय बेटा रोता हुआ मिला। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
परिवार का आरोप है कि चांदनी की सूरजपुरा निवासी रामजी लोधी नामक युवक से फोन पर बातचीत होती थी और उन्हें आशंका है कि वही उसे अपने साथ ले गया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब परिजन युवक के पिता दंगल लोधी के घर जानकारी लेने पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि 10 जुलाई को बड़ामलहरा थाने में मामले की शिकायत कर संदिग्ध युवक के संबंध में भी जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर लापता महिला की तलाश कराने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।




