छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ढढ़ारी स्थित डीआरपी पब्लिक स्कूल में कक्षा 7वीं की एक छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने स्कूल के हेडमास्टर लखन प्रजापति पर डंडे से पिटाई करने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


परिजनों के अनुसार स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा था। आरोप है कि बच्चों पर सीट खाली करने का दबाव बनाया गया और जब छात्रा सहित कुछ बच्चों ने अपनी सीट छोड़ने से इनकार किया, तो कथित रूप से दो दिनों तक उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद वे थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।


सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं, इस मामले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।