जबलपुर, अनुराग शुक्ला। मदन महल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी डेंटल क्लीनिक में शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक युवक पर फर्जी पहचान के आधार पर डेंटिस्ट के रूप में कार्य करने और हिंदू युवतियों को कथित रूप से धोखे में रखने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सैयद इशाक असरार के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि वह क्लीनिक में "राजकुमार" नाम से कार्य कर रहा था और उसने कथित तौर पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से नौकरी प्राप्त की। यह भी आरोप है कि उसने अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर कई युवतियों से संपर्क और संबंध बनाए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब दो युवतियां सामने आईं और उन्होंने आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। पीड़िताओं का दावा है कि आरोपी ने अपनी पहचान बदलकर उन्हें विश्वास में लिया और लंबे समय तक धोखे में रखा। इन आरोपों के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता डेंटल क्लीनिक पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मदन महल थाने पहुंचे, जहां कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी शिकायत दर्ज की और जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, पहचान संबंधी दस्तावेजों और नियुक्ति से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्लीनिक प्रबंधन ने नियुक्ति से पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया था या नहीं। यदि जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




