भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बिजली के तारों से लगातार हो रहे हादसों से परेशान किसान अपनी समस्या लेकर ऊर्जा मंत्री के सरकारी आवास पहुंचे। किसानों ने विरोध के तौर पर करंट से घायल हुए अपने बेटे को हाथ ठेले पर लिटाकर वहां पहुंचाया और जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।


किसानों का आरोप है कि उनके खेतों के बीच से 11 केवी बिजली लाइन निकली हुई है। बिजली के तार काफी नीचे होने के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। किसानों के मुताबिक, इस लाइन की चपेट में आने से अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हो चुके हैं।


किसानों का कहना है कि हादसों के बाद उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी नाराजगी के चलते किसान घायल युवक को हाथ ठेले पर लेकर ऊर्जा मंत्री के सरकारी आवास पहुंचे।


किसानों ने मांग की है कि खेतों के बीच से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए और भविष्य में होने वाले हादसों को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। किसानों का कहना है कि जब तक बिजली लाइन की समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।