छतरपुर, विनोद मिश्रा। नवजात बच्चों के आधार नामांकन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जिले में शुक्रवार से ‘बाल आधार नामांकन अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे किया गया। इसके तहत 0 से 1 वर्ष तक के बच्चों का आधार नामांकन अब अस्पतालों में ही किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नवजात बच्चों के आधार नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के सहयोग से मोबाइल हैंडसेट और आधार किट के माध्यम से जन्म स्थल पर ही बच्चों का नामांकन करने की व्यवस्था की गई है।
इस सुविधा से अभिभावकों को नवजात का आधार बनवाने के लिए अलग से आधार केंद्र जाने की जरूरत कम होगी। साथ ही बच्चों का आधार समय पर बन जाने से उन्हें प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। अभियान का उद्देश्य जन्म के बाद ही बच्चों को आधार से जोड़कर नामांकन प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।




