सतना। जिले के कोठी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रनेही में आधार कार्ड प्रणाली की एक बड़ी तकनीकी चूक सामने आई है, जहां एक 32 वर्षीय युवक के आधार कार्ड में उसकी जन्मतिथि आजादी से भी पहले यानी वर्ष 1944 दर्ज कर दी गई है। कागजों में खुद को 82 वर्ष का बुजुर्ग बना दिए जाने के कारण पीड़ित युवक ब्रजेश कुमार त्रिपाठी पिछले 4 से 5 वर्षों से जन्मतिथि में सुधार कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है, लेकिन अब तक उसकी समस्या का निराकरण नहीं हो सका है।
पीड़ित युवक के अनुसार, वह दसवीं कक्षा भी उत्तीर्ण नहीं है, जिसके चलते जन्मतिथि संशोधन के लिए निर्धारित शैक्षणिक प्रमाण-पत्र व अन्य आवश्यक दस्तावेज जुटाने में उसे भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड में दर्ज इस बड़ी त्रुटि के कारण युवक न तो सरकारी योजनाओं का लाभ ले पा रहा है और न ही उसके अन्य आवश्यक कार्य हो पा रहे हैं। अब स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी मानवीय या तकनीकी भूल कैसे हुई और वर्षों से भटक रहे इस युवक को जिम्मेदार विभाग कब तक राहत प्रदान करेगा।

















