नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 22 में रहने वालीं वान्या शर्मा ने महज 8 साल की उम्र में योग में विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। वान्या ने बैंकॉक में आयोजित हुए चौथे यूवाईएसएफ एशिया पैसिफिक योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इसके साथ ही उन्होंने 'चैंपियन ऑफ चैंपियंस' की ट्रॉफी को भी अपने नाम किया। वान्या ने इसी साल दिसंबर में होने वाले यूवाईएसएफ वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वान्या ने 'आईएएनएस' से बात करते हुए बताया कि वह सिर्फ 2 साल की उम्र से ही योग कर रही हैं और वह 20 विश्व रिकॉर्ड बना चुकी हैं। वान्या के अनुसार, वह प्रतिदिन 2 घंटे योग की प्रैक्टिस करती हैं।
वान्या ने बताया कि इस टूर्नामेंट में श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया समेत कई देशों ने हिस्सा लिया। वान्या के मुताबिक, उन्होंने 6 से 8 साल वर्ग की कैटेगरी में शिरकत की। वान्या के पिता और कोच हेमंत शर्मा ने बताया कि वह अपनी बेटी को योग की कोचिंग देते हैं। हेमंत ने बताया कि अपने वर्ग में तो वान्या का प्रदर्शन शानदार रहा ही, इसके साथ ही उन्होंने 'चैंपियन ऑफ चैंपियंस' में अपने से बड़ी उम्र के खिलाड़ियों को मात देते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में कुल 7 देशों ने हिस्सा लिया और करीब 200 खिलाड़ी चैंपियनशिप में शामिल थे।
पिता हेमंत ने बताया कि वान्या हर रोज शाम 4 से 6 बजे योग की प्रैक्टिस करती हैं। इस दौरान वह कई आसन करती हैं। उन्होंने कहा कि योग में आसान की तरह ही वॉर्मअप भी काफी महत्व रखता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जब भी ओलंपिक खेलों में योग को शामिल किया जाएगा, तो उनकी बेटी वान्या भी उस भारतीय टीम का भी हिस्सा होंगी। वान्या इससे पहले भी कई टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन कर चुकी हैं।




