मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र के दोबड़ा गांव में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ रहवासी इलाके में घुस आया। घरों के पास मगरमच्छ को घूमता देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया।
मंगलवार अल सुबह मगरमच्छ को चंबल के बैकवाटर स्थित संजीत नदी में छोड़ दिया गया। गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी ग्रामीण को नुकसान नहीं पहुंचा। वन विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्य जीव के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

