छतरपुर/नौगांव। छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार टोली में शनिवार को तीन महीने पुराने प्रेम प्रसंग के विवाद ने खूनी और हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश और बदले की भावना से भरे एक पक्ष ने घर में मौजूद 55 वर्षीय महिला हरकुंवर प्रजापति पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और तनाव को देखते हुए जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रविवार को मृतका का पोस्टमार्टम (पीएम) कराया जाएगा।
बारिश का पानी निकालने गई थी महिला, तब हुआ हमला
मृतका के बेटे राजेंद्र प्रजापति ने बताया कि शनिवार को तेज बारिश के कारण उनकी मां हरकुंवर प्रजापति घर में भरा पानी बाहर निकालने गई थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर बद्री प्रजापति, सोनू, सचिन, कोमल प्रजापति, रोशनी प्रजापति, विमला, कल्लू और रोहणी सहित अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर वहां आ धमके और मां पर टूट पड़े। राजेंद्र का आरोप है कि घटना के दौरान सूचना पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन दुस्साहसी आरोपियों ने पुलिस के सामने भी मारपीट जारी रखी। जब राजेंद्र ने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बर्बरता से मारपीट की।
विवाद की जड़: तीन महीने पुराना प्रेम प्रसंग
परिजनों के अनुसार, इस पूरे खूनी खेल की पटकथा करीब तीन महीने पहले लिखी गई थी। मृतका का छोटा बेटा पवन प्रजापति और आरोपी कोमल प्रजापति की बेटी मोहिनी प्रजापति बीती 25 अप्रैल को प्रेम प्रसंग के चलते अचानक घर से चले गए थे। दोनों के लापता होने के बाद से लड़की पक्ष लगातार लड़के के परिवार पर दबाव बना रहा था और पूछताछ कर रहा था। लड़के के परिजनों का कहना था कि उन्हें दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन इसी संदेह और रंजिश के चलते आरोपियों ने हरकुंवर प्रजापति को निशाना बनाया और उनकी जान ले ली।
पुलिस पर गंभीर आरोप: गंभीर हालत में भी एक घंटे थाने में बिठाया
इस दुखद घटना में पुलिस की संवेदनहीनता भी सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि घायल हरकुंवर को पहले नौगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें थाने बुला लिया। मृतका की हालत बेहद गंभीर थी, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें करीब एक घंटे तक थाने में बैठाए रखा। जब महिला की हालत लगातार बिगड़ने लगी, तब जाकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों में पुलिस की इस लेटलतीफी को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
खबर लगातार अपडेट हो रही है




