अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। नगर के सतना चौराहे पर एक बुजुर्ग किसान की स्कूटी से 50 हजार रुपये से भरा बैग अज्ञात बदमाश लेकर फरार हो गया। खास बात यह रही कि वारदात स्थल के ठीक सामने मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 वाहन मौजूद थी, इसके बावजूद आरोपी बेखौफ तरीके से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।


पीड़ित किसान रामराज सिंह निवासी ग्राम बारी, थाना अमरपाटन ने बताया कि उन्होंने रीवा रोड स्थित इंडियन बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे। बैंक से निकलने के बाद वह सतना चौराहे पर सब्जी खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान पहले से रैकी कर रहे बदमाश ने मौका पाकर स्कूटी में रखा रुपयों से भरा बैग उठाया और फरार हो गया।


पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक स्कूटी से बैग उठाकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पीड़ित ने अमरपाटन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बैंक से ही बुजुर्ग किसान का पीछा कर रहे थे और उचित मौके की तलाश में थे। जैसे ही किसान सब्जी खरीदने में व्यस्त हुआ, बदमाश ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। दिनदहाड़े पुलिस वाहन की मौजूदगी में हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।