ईशानगर (छतरपुर)। छतरपुर से बीना की ओर जा रही यात्री ट्रेन से गिरकर 55 वर्षीय अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल यात्री की पहचान अनवर खान (उम्र 55 वर्ष), मूल निवासी टीकमगढ़ एवं हाल निवासी नारायणपुर रोड छतरपुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईशानगर रेलवे स्टेशन से आगे निकलते ही अनवर खान अचानक संतुलन बिगड़ने या किसी अज्ञात कारणवश चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े, जिससे वे ट्रैक किनारे गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल एक्शन में आई। वाहन में तैनात प्रधान आरक्षक कैलाश राजपूत एवं चालक केशव दास ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायल को तुरंत अपने वाहन से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस टीम की इस त्वरित सक्रियता के चलते घायल अनवर खान को समय पर आवश्यक प्राथमिक उपचार मिल सका, जिससे उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने डायल-112 टीम की सजगता और सेवाभाव की सराहना की है।