सागर, स्वाति सिंह। मध्यप्रदेश के सागर जिले में क्रिप्टो करेंसी के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध डिजिटल लेनदेन का मामला गरमा गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीपुरा वार्ड निवासी 22 वर्षीय युवक सुयश सोनी को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा जब युवक के दो मोबाइल फोन जब्त कर उनके डिजिटल डेटा की पड़ताल की गई, तो उसमें करीब 55 लाख डॉलर के भारी-भरकम क्रिप्टो ट्रांजैक्शन का खुलासा हुआ। इसके अलावा युवक के क्रिप्टो वॉलेट में 50 हजार डॉलर की राशि भी जमा पाई गई, जिसके बाद प्रशासनिक और वित्तीय हलकों में हड़कंप मच गया।
मुंबई से सागर लौटा था आरोपी, ई-वॉलेट के जरिए क्रिप्टो करेंसी के अवैध कारोबार की आशंका
जांच में सामने आया है कि आरोपी सुयश सोनी मूल रूप से सागर का रहने वाला है, लेकिन वह लंबे समय से मुंबई में रह रहा था और हाल ही में सागर आया था। प्राथमिक जांच के अनुसार, पुलिस को आशंका है कि वह ई-वॉलेट के जरिए लोगों से नगद या ऑनलाइन पैसे लेकर उन्हें क्रिप्टो करेंसी ट्रांसफर करने का नेटवर्क चला रहा था। इतनी बड़ी मात्रा में डॉलर के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आते ही जबलपुर से आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग की चार सदस्यीय टीम सागर पहुंची और मामले का टेकओवर कर लिया।
पैसों के सोर्स और बैंक खातों के नेटवर्क को खंगालने में जुटीं केंद्रीय जांच एजेंसियां
आयकर विभाग की टीम आरोपी युवक से डिजिटल ट्रांजैक्शन, क्रिप्टो वॉलेट, धन के मूल स्रोत और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सहयोगियों के बारे में लगातार पूछताछ कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि क्रिप्टो लेनदेन में वित्तीय अनियमितताओं और लागू नियमों के उल्लंघन की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि 55 लाख डॉलर की यह राशि किन-किन खातों से भेजी गई और इसका मुख्य सूत्रधार कौन है।
















