छतरपुर, संजय अवस्थी। थाना महाराजपुर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड के पीछे एक जुए के फड़ पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे 12 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35,700 रुपये की नकद राशि और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कस्बे के बस स्टैंड के पीछे पीपल के पेड़ के पास कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और वहां जुआ खेल रहे 12 आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ऋषभ, दिलीप चौरसिया, अरविन्द उर्फ पप्पू, पंकज, शिवम उर्फ शुभम उर्फ बम्बईया, नीलेश पाठक (निवासी नैगुवाँ), मनोज, भूपेन्द्र उर्फ शिवम, अमन, धर्मेन्द्र, सुमित लल्ला उर्फ विजय सिंह और राहुल के रूप में हुई है, जो अधिकांशत: महाराजपुर के ही रहने वाले हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई को एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी महाराजपुर निरीक्षक अजय अंबे के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें प्रधान आरक्षक प्रदीप निगम, आरक्षक जयकुमार, ओमप्रकाश और अवधेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।