छतरपुर, अशोक नामदेव। छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मोबाइल चोरी के आरोप में 20 वर्षीय युवक महेश अहिरवार के साथ मारपीट के बाद उसकी संदिग्ध मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को महेश हरदयाल अहिरवार की दुकान से पेप्सी लेने गया था, इसी दौरान दुकान से मोबाइल चोरी हो गया, जो बाद में महेश के पास पाया गया। इस आरोप को लेकर हरदयाल अहिरवार सहित गांव के कुछ लोगों ने महेश के साथ जमकर मारपीट की।
मृतक की मां तुलसिया ने आरोप लगाया है कि हरदयाल के साथ कालीचरण, भगवान दास, रज्जू, मज्जू और लक्ष्मी अहिरवार ने उसके बेटे को बेरहमी से पीटा और बाद में रज्जू व उसके रिश्तेदार उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए। महेश के साथ मौजूद जीतेन्द्र और रवि अहिरवार किसी तरह वहां से भाग निकले, लेकिन तब से महेश का कोई पता नहीं चल रहा था। बेटे के लापता होने के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की शिकायत पर बमीठा पुलिस ने तुलसिया की रिपोर्ट के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी बीच 24 अप्रैल को महेश का शव राजा भैया पाठक के कुएं में तैरता हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

