छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के आरोप के बाद 20 वर्षीय युवक महेश अहिरवार के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट कर जबरन ले जाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, 21 तारीख को महेश अहिरवार गांव में हरदयाल अहिरवार की दुकान पर पेप्सी लेने गया था। इसी दौरान दुकान से मोबाइल चोरी होने की बात सामने आई, जो बाद में महेश के पास मिलने का दावा किया गया।


महेश की मां तुलसीया का आरोप है कि इसके बाद हरदयाल अहिरवार समेत 4-5 लोगों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की और उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर कहीं ले गए। तब से महेश का कोई पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।