अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। मध्य प्रदेश के सतना जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरमसेड़ा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घटना में राजू पटेल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। इस मामले में रामबहोरी पटेल सहित तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रामबहोरी पटेल द्वारा गांव में अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की बात सामने आ रही है, जिसे लेकर बीते दिनों राजू पटेल और रामबहोरी के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को जब राजू पटेल फिर से शराब खरीदने के लिए रामबहोरी के पास पहुंचा, तभी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि रामबहोरी और उसके साथियों ने मिलकर राजू पटेल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

