छतरपुर ,विनोद मिश्रा। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की लिफ्ट व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां लगी 5 लिफ्टों में से 4 लिफ्ट बंद पड़ी हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंचने में खासी दिक्कत हो रही है।


अस्पताल की पहली से पांचवीं मंजिल तक जाने के लिए मरीजों को मजबूरन सीढ़ियों या रैंप का सहारा लेना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को हो रही है, जिनके लिए ऊपर-नीचे आना बेहद मुश्किल हो गया है।
स्थिति यह है कि नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों के लिए बनी इमरजेंसी लिफ्ट ही फिलहाल चालू है और उसी से मरीजों का भी आवागमन कराया जा रहा है, जिससे भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।


Untitled-1


Untitled-2


सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया का कहना है कि हाल ही में हुई बारिश के कारण लिफ्टों में पानी भर गया था, जिससे तकनीकी खराबी आ गई। उन्होंने बताया कि मेंटेनेंस के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही सभी लिफ्टों को दुरुस्त कर चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।


हालांकि अस्पताल प्रबंधन के दावों के बावजूद मरीजों की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही है। कई मरीजों के परिजन अपने बीमार रिश्तेदारों को गोद में या सहारा देकर सीढ़ियां चढ़ाते नजर आ रहे हैं। वहीं स्ट्रेचर और व्हीलचेयर से मरीजों को ऊपर ले जाना भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।


ऐसे में सवाल उठता है कि जब जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में ही बुनियादी सुविधाएं ठप हैं, तो मरीजों को राहत कैसे मिलेगी। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाता है।