छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिला जेल में आज ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। यहां आयोजित “स्पर्श मुलाकात” कार्यक्रम के तहत करीब 300 से 400 मासूम बच्चों को अपने जेल में बंद माता-पिता और परिजनों से मिलने का मौका मिला। जैसे ही बच्चे जेल परिसर में पहुंचे और अपने परिजनों को सामने देखा, कई बच्चे दौड़कर उनसे लिपट गए।
लंबे समय बाद अपनों को गले लगाते ही कैदी और बच्चे दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। यह पल इतना भावुक था कि वहां मौजूद लोग भी खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके। कई बच्चों ने अपने माता-पिता का हाथ पकड़कर हालचाल पूछा तो कुछ बच्चे उनके गले लगकर रो पड़े। वहीं कैदी परिजन भी अपने बच्चों को सीने से लगाकर देर तक दुलार करते नजर आए।
इस अवसर पर जिला जेल अधीक्षक प्रतीक जैन, डिप्टी कलेक्टर राहुल पटेल सहित जेल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई। मासूम बच्चों को गिफ्ट, चॉकलेट वितरित किए गए और विशेष भोजन भी कराया गया, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। जेल प्रशासन का कहना है कि “स्पर्श मुलाकात” जैसे कार्यक्रम कैदियों और उनके परिवारों के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों को यह एहसास दिलाते हैं कि उनके अपने उनसे दूर जरूर हैं, लेकिन उनका प्यार हमेशा उनके साथ है।



