भोपाल,जीतेन्द्र यादव। भोपाल के शबरी नगर इलाके में आपसी वर्चस्व की लड़ाई ने अमानवीय रूप ले लिया। बदमाशों ने एक युवक को नंगा कर बेरहमी से पीटा और शर्मनाक हरकत करते हुए उसके मुंह पर टॉयलेट तक कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रेम थापा, गट्टू पिस्टल और रोहित पंवार नाम के आरोपियों ने यश उर्फ भय्यू नाम के युवक को निशाना बनाया। तीनों आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आए थे और इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश कर रहे थे। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित यश, जेल में बंद उमेश बम लहरी उर्फ मिट्ठूलाल का करीबी है। उमेश बम लहरी इस समय हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद है। आरोपियों ने उसकी गैंग को खत्म करने के उद्देश्य से यश को पकड़कर इस बर्बरता को अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार, प्रेम थापा दो महीने पहले सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था, जबकि रोहित पंवार हाल ही में सिवनी के बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। वहीं गट्टू पिस्टल भी कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर निकला था। जेल से बाहर आने के बाद तीनों ने इलाके में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

