इंदौर, रविकान्त वर्मा। इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में जूस सेंटर पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को एक जूस सेंटर पर पेमेंट को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। कुछ युवकों ने दुकानदार के साथ जमकर मारपीट की, जिसकी पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय हो गई और आरोपियों की पहचान शुरू की गई। जांच के बाद द्वारकापुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल लगभग 6 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

