टीकमगढ़ (मोहसिन अहमद)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह 'राहुल भैया' ने आज टीकमगढ़ प्रवास के दौरान प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। चंबल संभाग से शुरू हुई अपनी प्रदेशव्यापी यात्रा के तहत टीकमगढ़ पहुंचे अजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीधे तौर पर ऐलान किया कि वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। उन्होंने अपने कड़े संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, तब तक वे माला धारण नहीं करेंगे।
पुराने कांग्रेसियों को जगाने निकले 'राहुल भैया'
अजय सिंह ने अपनी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य बताते हुए कहा कि वे पूरे प्रदेश का भ्रमण कर उन पुराने कांग्रेसियों और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने निकले हैं, जो उनके पिता स्वर्गीय अर्जुन सिंह के समय से पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और पुराने वफादार साथियों को फिर से मुख्यधारा में लाकर ही 2028 का किला फतह किया जाएगा।
एलपीजी संकट पर सरकार की घेराबंदी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अजय सिंह ने प्रदेश में गहराए एलपीजी (LPG) संकट पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और कुप्रबंधन के कारण आज हर शहर में आम उपभोक्ता गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। उन्होंने प्रशासन द्वारा शिक्षकों की ड्यूटी गैस कंट्रोल रूम में लगाए जाने जैसी खबरों पर तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
सिंधिया और चंबल की सियासत पर कटाक्ष
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिए बिना उन पर हमला बोलते हुए अजय सिंह ने कहा कि सिंधिया पहले अपने चंबल संभाग में यह तय कर लें कि वहाँ का सबसे बड़ा नेता कौन है। उन्होंने चंबल से अपनी यात्रा शुरू करने के सवाल पर कहा कि वहाँ की जनता अब बदलाव चाहती है। अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अब गुटबाजी से ऊपर उठकर केवल जीत के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
अजय सिंह के 'माला न पहनने' के संकल्प और पुराने कांग्रेसियों को लामबंद करने की इस मुहिम को पार्टी के भीतर उनके बढ़ते प्रभाव और विंध्य-चंबल बेल्ट में कांग्रेस की नई बिसात के रूप में देखा जा रहा है। टीकमगढ़ में उनके इस दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और पुराने कार्यकर्ता मौजूद रहे।




