अमरपाटन,नरेंद्र | अमरपाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम किरहाई बंधा के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में जा घुसा। इस भीषण हादसे में झोपड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक बिजली का खंभा भी टूट गया, जिससे क्षेत्र के करीब 10 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। दुर्घटना में पिकअप चालक और एक मवेशी घायल हुए हैं।


बाल-बाल बचा दुकानदार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किरहाई बंधा निवासी एक युवक ने सड़क किनारे झोपड़ी में अपनी छोटी सी दुकान खोल रखी थी। शुक्रवार को जब तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे झोपड़ी में घुसी, उस समय दुकानदार भीतर ही मौजूद था। गनीमत रही कि पिकअप झोपड़ी के एक हिस्से को तोड़ते हुए बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे दुकानदार की जान बाल-बाल बच गई। हालांकि, वहां बंधा एक पालतू पशु वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया।


अंधेरे में डूबे एक दर्जन गांव

हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप की टक्कर से बिजली का खंभा जड़ से उखड़कर टूट गया। इसके चलते क्षेत्र की मुख्य लाइन बंद हो गई और किरहाई समेत आसपास के लगभग 10 गांवों की बिजली गुल हो गई। विभाग के अनुसार, खंभा टूटने से भारी नुकसान हुआ है और बहाली में समय लग सकता है।


अस्पताल में भर्ती चालक, पुलिस जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम सरपंच आर.एल. सागर मौके पर पहुँचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिकअप चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।