मकान में पोछा लगाने की बात पर भिड़े दो ,दोनों पक्षों में जमकर चले हथियार

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा । इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक मामूली बात को लेकर बड़ा विवाद हो गया। मकान में पोछा लगाने को लेकर दो किराएदार परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर और हथियारों से हमला कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के नगीन नगर में स्थित एक दो मंजिला मकान में ऊपरी और निचली मंजिल पर रहने वाले किराएदारों के बीच पोछा लगाने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
रंगपंचमी के दिन जहां लोग रंग-गुलाल के साथ त्योहार मना रहे थे, वहीं सोहन और शुभम के परिवार के बीच जमकर लात-घूंसे, पत्थर और हथियार चले। विवाद के दौरान महिलाएं और बच्चे भी आपस में भिड़ गए।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।


