अशोकनगर, ओमप्रकाश कुशवाह। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में पिपरई के चिर्रमास गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रोहित वंशकार अपनी मां ममता वंशकार के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे अरविंद यादव की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों घायल सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए पिपरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रोहित और ममता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।














