भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। नोएडा निवासी ट्विशा के परिजन रविवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर न्याय दिलाने की मांग की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन पर दूसरे पक्ष के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।


परिजनों का आरोप है कि ट्विशा को उसके वकील पति और रिटायर्ड जज सास द्वारा लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ट्विशा के मेजर भाई ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष प्रभावशाली होने के कारण पुलिस कार्रवाई प्रभावित हो रही है।


सीएम हाउस के बाहर खड़े परिजन मुख्यमंत्री से मिलने की गुहार लगाते रहे। परिवार ने आरोपियों को अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) दिए जाने का भी विरोध किया और कहा कि यदि आरोपियों को राहत मिलती है तो निष्पक्ष जांच प्रभावित होगी।


परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।