आरटीओ चेक पोस्ट के पास दर्दनाक हादसा, अव्यवस्था के आरोपों के बीच हाईवे जाम

Advertisement
छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश। पांढुर्णा जिले के सतनूर बॉर्डर स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों और राहगीरों ने आरटीओ के सरकारी वाहन में तोड़फोड़ कर दी तथा सड़क पर आगजनी करते हुए चक्काजाम कर दिया, जिससे हाईवे पर लंबे समय तक यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चेक पोस्ट पर अव्यवस्था और वाहनों की लंबी कतार के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। देर रात तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात काबू में बताए जा रहे हैं। लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले के अनुसार मृतक दंपती गोद डोंगरी गांव के निवासी थे। उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।
