मैहर। मैहर जिले में एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम की जान चली गई। गिरगिटा गांव निवासी रघुराज द्विवेदी की सीमेंट प्लांट की खुली खदान में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रघुराज अपने साथ एक अन्य बच्ची के साथ खदान पर नहाने गया था। इस दौरान गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह पानी में डूब गया और बाहर नहीं निकल सका। साथ गई बच्ची ने तुरंत घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सीमेंट फैक्ट्री के मुख्य गेट पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजा और खदान के चारों ओर सुरक्षा के लिए तारबाउंड्री की मांग की है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा परिजनों को समझाइश दी जा रही है, वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

