उमरिया,तपस गुप्ता। जिले में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ताला-उमरिया मार्ग पर भद्रशिला के पास एक बाघ खुलेआम शिकार लेकर जाते हुए कैमरे में कैद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, D-1 मेल टाइगर एक गाय का शिकार कर उसे अपने मजबूत जबड़ों में दबाकर सड़क किनारे से जंगल की ओर ले जाता नजर आया। यह पूरा घटनाक्रम कुछ ही पलों में लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गया, जो अब तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।


बताया जा रहा है कि D-1 मेल टाइगर, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की चर्चित बाघिन डाटी की पहली संतानों में से एक है। करीब 7 साल का यह बाघ अपनी ताकत और आक्रामक स्वभाव के लिए जाना जाता है। वर्तमान में इसका दबदबा खितौली और मगधी रेंज में माना जाता है, जहां यह अक्सर अपनी मौजूदगी दर्ज कराता रहता है।


घटना ने एक बार फिर जंगल और आबादी के बीच बढ़ते टकराव की तस्वीर सामने रख दी है। सड़क के इतने करीब बाघ का शिकार करना और बेखौफ तरीके से उसे ले जाना वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों और उनके क्षेत्र विस्तार का संकेत माना जा रहा है।


वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर डर और उत्सुकता दोनों का माहौल बना हुआ है।