सतना,अंबिका केशरी। शहर के स्टेशन रोड स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय के गेट के सामने बाइक पर बैठकर हीरोगिरी दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने उसे पकड़कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर एक युवक कॉलेज गेट के सामने सड़क किनारे अपनी बाइक पर काफी देर तक बैठा रहा। इस दौरान वह कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को संदिग्ध नजरों से देखता रहा और अजीबोगरीब हरकतें करता नजर आया। युवक की गतिविधियों से आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद किसी ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और पुलिस को भी सूचना दी। वीडियो सामने आने के बाद सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवीन्द्र द्विवेदी ने तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने पहुंचकर युवक से पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस ने युवक की पहचान नीलेश्वर सिंह (22) निवासी डढ़िया, रामपुर बाघेलान के रूप में की। उसे मौके से हिरासत में लेकर सिटी कोतवाली थाने लाया गया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
बताया जा रहा है कि युवक की इस हरकत से छात्राओं और स्थानीय लोगों में असहजता का माहौल बन गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


