सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घूरडांग बाईपास के पास स्थित एक सूने घर में अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर 3 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। फरियादी शुभम गुप्ता के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी बहन के साथ बाजार गया था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। बक्सों के कुंदे टूटे हुए थे और नगदी समेत जेवरात गायब थे।


शुभम ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराई। चोरी में करीब 3 लाख रुपये नकद, लगभग 500 ग्राम चांदी और एक तोला सोना शामिल है। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें अपाचे बाइक पर सवार तीन संदिग्ध नजर आए हैं। ये लोग सड़क के बजाय मैदान से जाते हुए दिखे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।