मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। मुरैना-चंबल क्षेत्र में रेत के कथित अवैध परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए CCTV फुटेज में रेत से भरी करीब दो दर्जन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एक के पीछे एक सड़क से गुजरती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि यह फुटेज कोतवाली थाना क्षेत्र की राठौर कॉलोनी स्थित टंच रोड का है।
फुटेज में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे पुलिस वाहन के सायरन की आवाज सुनाई देती है, लेकिन इसके बावजूद वाहनों का काफिला लगातार आगे बढ़ता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रात में पुलिस गश्त और रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई के दावों के बीच इतने वाहनों के एक साथ गुजरने की तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि पुलिस वाहन वास्तव में इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे मौजूद था, तो इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को रोककर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? हालांकि, CCTV वीडियो की तारीख, समय और उसमें दिखाई दे रहे वाहनों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि संबंधित विभाग CCTV फुटेज की जांच कर मामले की वास्तविकता सामने लाते हैं या नहीं। कैमरे में कैद तस्वीरों ने रेत के परिवहन की निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।











