धार/गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। शनिवार देर रात गंधवानी नगर में विभिन्न मंडलों और युवाओं द्वारा भव्य एवं आकर्षक झांकियां निकाली गईं। झांकियों के दर्शन और उन्हें देखने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं लोग पहुंचे। इससे पूरे नगर का माहौल श्रद्धा, उत्साह और उल्लास से भर गया।


नित्यानंद युवा मंडल, सिरवी समाज युवा मंडल, श्री राम सेना बस स्टैंड तथा खेमा कॉलोनी के युवाओं ने झांकियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। झांकियों का शुभारंभ भारत माता चौक से हुआ, जो बलवारी चौपाटी, सदर बाजार और पुराने पुलिस थाना मार्ग से होते हुए बस स्टैंड पहुंचीं। पूरे मार्ग में लोगों की भीड़ झांकियों के दर्शन के लिए मौजूद रही।


पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था

झांकियों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना पुलिस टीम के साथ झांकियों के पूरे मार्ग पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को संभालते रहे। वहीं तहसीलदार मुकेश बामनिया भी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजन को सुचारू बनाए रखा।


झांकियों के समापन के बाद नित्यानंद मंदिर परिसर में ग्राम पंचायत की ओर से झांकियों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन में युवाओं की भागीदारी और नगरवासियों का उत्साह देखते ही बना।