लंदन। ब्रिटेन के ग्लॉस्टरशायर स्थित आरएएफ फेयरफोर्ड एयरबेस पर रविवार को पुलिस ने ‘मेजर इन्सिडेंट’ की घोषणा की। इस एयरबेस का इस्तेमाल अमेरिकी वायुसेना भी करती है। एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत अपराध के संदेह में कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद आसपास के कई घरों को खाली कराया गया और सेना ने कुछ वाहनों की जांच शुरू की।
ग्लॉस्टरशायर पुलिस ने बताया कि 'मेजर इन्सिडेंट' (बड़ी वारदात) घोषित किए जाने के बाद व्हेलफोर्ड इलाके में कई घरों को खाली कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और स्थानीय लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। जिन लोगों को घरों से बाहर निकाला गया, उन्हें पास के एक मनोरंजन केंद्र में ले जाया जा रहा है।
द गार्डियन ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच सेना के जवान कई वाहनों की जांच कर रहे हैं। एयरबेस के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंच को सशस्त्र पुलिसकर्मियों ने रोक दिया है। रविवार सुबह फेयरफोर्ड में बड़ी संख्या में पुलिस वाहन, एंबुलेंस और दमकल गाड़ियां भी देखी गईं।
पुलिस ने कहा कि वह अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है और ऐसी परिस्थितियों के लिए पहले से तैयार योजनाओं को सक्रिय किया गया है। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों या कथित अपराध की प्रकृति के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
फेयरफोर्ड एयरबेस हाल के महीनों में विरोध प्रदर्शनों का केंद्र रहा है। ब्रिटिश सरकार के उस फैसले को लेकर विरोध हुआ है, जिसके तहत अमेरिका को इस एयरबेस का इस्तेमाल ईरानी मिसाइल ठिकानों के खिलाफ हमलों के लिए करने की अनुमति दी गई है। ये हमले कथित तौर पर होर्मुज में जहाजों को निशाना बनाने वाले ईरानी मिसाइल हमलों के जवाब में किए जा रहे हैं।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने जुलाई में ब्रिटेन को चेतावनी दी थी कि वह अमेरिकी बमवर्षकों को फेयरफोर्ड एयरबेस से उड़ान भरने की अनुमति न दे। उस समय ब्रिटिश सरकार के प्रवक्ता ने कहा था कि ब्रिटिश सशस्त्र बल देश को किसी भी तरह के हमले से सुरक्षित रखने के लिए तैयार हैं।
अमेरिकी वायुसेना ने फेयरफोर्ड में चल रही सुरक्षा कार्रवाई पर किसी विशिष्ट सुरक्षा उपाय की जानकारी देने से इनकार किया। वायुसेना के प्रवक्ता ने कहा कि 501वीं कॉम्बैट सपोर्ट विंग और ब्रिटेन में मौजूद अन्य अमेरिकी इकाइयां सतर्क हैं और अमेरिकी सैन्यकर्मियों, नागरिक कर्मचारियों, ठेकेदारों तथा उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाएंगी।
प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी सेना लगातार विभिन्न परिस्थितियों का आकलन करती है और उसी आधार पर अपने प्रतिष्ठानों, कर्मियों तथा उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को लागू या उनमें बदलाव करती है।












