छतरपुर, संदीप यादव। नौगांव थाना क्षेत्र की लुगासी चौकी अंतर्गत ग्राम भेरवगंज में रविवार सुबह खुले में शौच के लिए गई 27 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। महिला की पहचान वंदना पत्नी जागेश्वर प्रजापति के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार वंदना शौच के लिए घर से बाहर गई थी। वापस लौटते समय उसके पैर में सांप ने डस लिया। महिला ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास के चलते पहले ग्राम सिमरदा में झाडफ़ूंक कराने ले गए। झाडफ़ूंक के बाद महिला को जिला अस्पताल लाया गया।
परिजनों का कहना है कि गांव में कई घरों में शौचालय नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। इसी दौरान महिला सर्पदंश का शिकार हुई। परिजनों ने झाडफ़ूंक से आराम मिलने की बात कही, हालांकि सर्पदंश की स्थिति में चिकित्सकीय उपचार जरूरी है। घटना ने गांव में शौचालय की उपलब्धता और अंधविश्वास के प्रति जागरूकता की जरूरत को भी सामने ला दिया है।












