सागर,जीशान। सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां प्रेम विवाह करने वाले एक युवा दंपति ने एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चांदपुर के मुठिया टोला में गुरुवार देर रात 22 वर्षीय राजेंद्र उर्फ गोलू पटेल और 21 वर्षीय काजल पटेल ने आत्महत्या कर ली। दोनों ने करीब दो वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले दोनों ने अपनी वैवाहिक पोशाक पहनी और एक-दूसरे को उसी रूप में देखने के बाद खेत पर बने घर के एक बंद कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। पिता खेत पर थे, जबकि भाई किसी काम से बाहर गया हुआ था।


परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच किसी तरह का विवाद या तनाव सामने नहीं आया है। राजेंद्र की मां का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपने पिता व छोटे भाई के साथ रहता था। परिवार के पास कुछ कृषि भूमि भी है, जिससे उनका भरण-पोषण होता था।


सूचना मिलने पर रहली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी / जांच अधिकारी का बयान
फिलहाल इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।