चंदला,जीतेंद्र यादव। चंदला में सनसनीखेज मामला, पत्नी के मायके जाने के कुछ घंटों बाद युवक ने की आत्महत्या छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहित युवक ने अपनी पत्नी के मायके जाने के महज कुछ घंटों बाद घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, चंदला के वार्ड क्रमांक 13 निवासी 28 वर्षीय रूपेंद्र उर्फ पुल्ले सिंह दीखित का विवाह 9 मार्च 2026 को अजयगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था और परिवार में जश्न का वातावरण बना हुआ था। 16 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे पत्नी के मायके पक्ष के लोग उसे विदा कराकर अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पत्नी के जाने के कुछ ही घंटों बाद रात करीब 10 बजे रूपेंद्र सिंह दीखित ने अपने घर में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।


जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां इस घटना के बाद मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।