सागर,जीशान अंसारी। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया क्षेत्र में हनुमान जयंती (प्रकटोत्सव) के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब डीजे वाहन पर लगा साउंड सिस्टम और उसका लोहे का फ्रेम अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोग इधर-उधर भागने लगे। जानकारी के अनुसार शोभायात्रा जब कृष्णानगर क्षेत्र में होटल पैराडाइज के पास पहुंची, तभी सड़क पर बने ब्रेकर से गुजरते समय डीजे वाहन को जोरदार झटका लगा, जिससे वाहन के पीछे लगाया गया भारी साउंड सिस्टम और उसे पकड़कर रखने वाला फ्रेम अचानक टूटकर नीचे गिर गया और उसी समय डीजे के पीछे नाच रहे लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 14 वर्षीय आर्यन कोरी निवासी कृष्णानगर मकरोनिया की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हादसे में घायल हुए लोगों में कई लोग शामिल हैं, जिनका निजी अस्पताल में उपचार जारी है।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करते हुए घटना की जानकारी जुटाई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन को जब्त कर लिया है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है, प्रारंभिक जांच में डीजे सिस्टम के फ्रेम की मजबूती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, वहीं अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद धार्मिक आयोजनों में भारी साउंड सिस्टम और डीजे के उपयोग को लेकर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं, ऐसे में प्रशासन अब भविष्य में इस तरह के आयोजनों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की तैयारी कर रहा है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

