छतरपुर ,संदीप यादव। छतरपुर जिले के सरवई थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़रिया गांव में एक किसान के साथ भूसा चोरी के शक में मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पड़रिया निवासी 62 वर्षीय राम केवट रविवार को अपने खेत पर शौच क्रिया के लिए गए हुए थे। इसी दौरान पास में गांव के ही मिड़वा अनुरागी का भूसा रखा हुआ था। आरोप है कि मिड़वा अनुरागी ने राम केवट पर भूसा चोरी करने का शक जताया और इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।


देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मिड़वा अनुरागी ने अपने साथियों के साथ मिलकर राम केवट पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में राम केवट गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।


बताया जा रहा है कि राम केवट को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सरवई थाना पुलिस सक्रिय हुई और पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।


ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस तरह की हिंसक घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।