छतरपुर, विनोद मिश्रा/संतोष शिवहरे। देशभर में पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे छात्रों की गूंज राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बुधवार को छतरपुर में कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता कर केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली में संसद मार्च के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। प्रेसवार्ता के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप कैंडल मार्च निकालने की भी घोषणा की। साथ ही राहुल गांधी के संदेश को कार्यक्रम के दौरान एलईडी पर दिखाया गया।


पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े तथा यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेश पर देशभर से आए छात्र अपनी मांगों को लेकर संसद की ओर शांतिपूर्वक मार्च कर रहे थे। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें आगे बढऩे से रोकते हुए बल प्रयोग किया, जिससे कई छात्र घायल हुए। कांग्रेस ने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार और पुलिस की सख्ती पर भी सवाल उठाए।


कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ छात्रों की मांग प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे। पार्टी के अनुसार, इस दौरान पुलिस ने राहुल गांधी सहित कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र के मूल अधिकारों पर हमला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।


प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराने, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा बार-बार परीक्षा रद्द होने से प्रभावित युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग दोहराई। पार्टी का दावा है कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में 152 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे 7.5 करोड़ से अधिक छात्र प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने युवाओं की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।


इस अवसर पर लखन पटेल, संतोष तिवारी, अनीस खान, मोहम्मद आबिद सिद्दीकी, अशोक मिश्रा, राजेश सिंह पायक, अभिलेख खरे, सूर्यप्रताप सिंह, संजय चौरसिया, राजवर्धन मिश्रा, लोकेन्द्र वर्मा, विवेक अग्रवाल, शिवम दुबे, निक्की पाठक, अश्विनी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पुलिस बल मौजूद रहा।