छतरपुर, तौफ़ीक अहमद सिद्दीकी। सटई थाना परिसर में थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों की भूमि संबंधी समस्याएं सुनीं। यह आयोजन पार्थ जायसवाल (कलेक्टर) और अगम जैन (पुलिस अधीक्षक) के निर्देश पर किया गया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार इंद्र कुमार गौतम, थाना प्रभारी सुनीता विदुआ, राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


जमीन विवादों की सुनवाई, कई मामलों का मौके पर समाधान

ग्रामीणों ने सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों को अधिकारियों के सामने रखा। इस दौरान कुल 12 से 15 लिखित आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को जांच में लेकर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।


ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को एक साथ पाकर ग्रामीणों ने संतोष जताया। उनका कहना है कि थाना दिवस जैसे आयोजन से समय और पैसे दोनों की बचत होती है, क्योंकि अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। यह पहल प्रशासन की जनसुनवाई और त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी कदम मानी जा रही है।