भोपाल, जीतेन्द्र यादव । भोपाल के शंकर नगर इलाके में एक युवक द्वारा अपनी एक्स गर्लफ्रेंड पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करते हुए उसकी गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों को निशाना बनाया। हमले के दौरान युवती को बचाने के लिए दौड़ी उसकी बहन भी आरोपी के गुस्से का शिकार हो गई। आरोपी ने बहन के चेहरे पर वार कर उसका गाल चीर दिया।

घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। हमले के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

छोला मंदिर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।