छतरपुर। खजुराहो से चलने वाली महामना एक्सप्रेस में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब ट्रेन के D4 कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही चालक ने मुस्तैदी दिखाते हुए उदयपुरा स्टेशन के पास ट्रेन को रोक दिया। रेलवे स्टाफ और तकनीकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और धुएं पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच के बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को गंतव्य के लिए सुरक्षित रवाना किया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और समय रहते बड़ा हादसा टल गया।



