नई दिल्ली, 15 मई । क्रिकेट भारत का सबसे लोकप्रिय खेल है। देश में क्रिकेट खेलने वाला हर खिलाड़ी एक न एक दिन भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनना चाहता है। हर खिलाड़ी का भारतीय टीम की तरफ से खेलने का सपना पूरा नहीं होता, इसलिए खिलाड़ी एसोसिएट देशों का रुख कर लेते हैं। स्मित पटेल भी एक ऐसे ही भारतीय खिलाड़ी हैं जो मौजूदा समय में अमेरिकी क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं।
स्मित पटेल का जन्म 16 मई 1993 को अहमदाबाद, गुजरात में हुआ था। स्मित का पूरा नाम स्मित कमलेशभाई पटेल है। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और विकेटकीपिंग भी करते हैं।
स्मित पटेल ने बचपन में ही क्रिकेट के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखा था और इसके लिए शुरुआत से ही कड़ी मेहनत की। इसका असर भी दिखा। 2012 में उन्होंने गुजरात क्रिकेट टीम की तरफ से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया। साल 2012 स्मित पटेल के करियर का बेहद अहम साल रहा। वह इस साल उन्मुक्त चंद की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्मित ने 62 रन की पारी खेल भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस पारी ने स्मित को रातों-रात लोकप्रियता दिलायी थी।
हालांकि, स्मित पटेल की मंजिल भारत की तरफ से खेलने की थी। इसके लिए वह साल 2021 तक भारतीय घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहे, लेकिन भारतीय टीम में खेलने का मौका उन्हें नहीं मिला। गुजरात के अलावा त्रिपुरा और गोवा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले स्मित ने 2021 में बीसीसीआई के अंतर्गत होने वाले सभी तरह की क्रिकेट से संन्यास ले लिया। इसकी वजह यूएसए क्रिकेट टीम की तरफ से खेलने की उनकी इच्छा थी।
संन्यास के बाद स्मित ने अमेरिका का रुख किया, और वहां उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिला। स्मित ने अमेरिका की तरफ से 2024 में कनाडा के खिलाफ डेब्यू किया था। उसके बाद से वह लगातार यूएसए टीम का हिस्सा रहे हैं। वह अधिकतर वनडे फॉर्मेट में नजर आते हैं। स्मित 21 वनडे की 21 पारियों में 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाते हुए 727 रन बना चुके हैं। नाबाद 152 उनका सर्वाधिक स्कोर है।
33 वर्ष के हो रहे स्मित भारत की तरफ से उच्च स्तर पर क्रिकेट खेलने के सपने को अमेरिका की तरफ से खेल कर जीने की कोशिश कर रहे हैं।











